तीसरी आंख

जिसे वह सब दिखाई देता है, जो सामान्य आंखों से नहीं दिखाई देता है

शुक्रवार, फ़रवरी 07, 2025

क्या पता लग सकता है कि मृतात्मा अगले जन्म में कहां गई?

हालांकि हम हर व्यक्ति के मरने पर उसके नाम के साथ स्वर्गीय शब्द जोड़ देते हैं, भले ही हमें यह पता भी न हो कि वह स्वर्ग में गया या नरक में। वैसे भी हमारे यहां परंपरा है कि यदि कोई व्यक्ति अपने जीवन में बुरा रहा हो, तो भी उसके मरने पर हम उसकी बुराई नहीं करते। यही कहते हैं कि भला आदमी था। उसके नाम के साथ स्वर्गीय शब्द जोड़ कर यही जताते हैं कि वह स्वर्ग में ही गया होगा और सम्मान देते हैं। इसके अतिरिक्त यह भी अवधारणा है कि मृतात्मा अगला जन्म लेती है। कुछ लोग मानते हैं कि मनुष्य मरने के बाद फिर मनुष्य योनि में ही जन्म लेता है। ऐसा मानने वाले पति-पत्नी या प्रेमी-प्रेमिका अगले जन्म में फिर मिलने की कामना करते हैं। कई तो अगले सात जन्म तक भी साथ होने की इच्छा जताते हैं। अब ये सात जन्म ही क्यों, छह या आठ क्यों नहीं, कुछ पता नहीं। षायद मनुश्य योनि में केवल सात बार ही जन्म लिया जा सकता हो। दूसरी ओर कुछ लोगों की मान्यता है कि मनुष्य अपने कर्म के अनुसार किसी अन्य योनि में जन्म लेता है। कुछ मानते हैं कि मरने के वक्त जो ख्याल आता है, उसी के अनुरूप जन्म मिलता है। एक जिज्ञासा ये हो सकती है कि मृतात्मा ने अगले जन्म में किस योनि में जन्म लिया है, क्या इसके बारे में ठीक-ठीक जानकारी मिल सकती है? बताते हैं कि ज्योतिष शास्त्र में यह संभव हैै। ज्योतिषी कुंडली देख कर यह तक बता देते हैं कि यह आपका आखिरी जन्म है, इसके बाद जन्म-मरण के चक्कर से मुक्ति मिल जाएगी। 

खैर, एक पद्दति मेरी जानकारी में भी है, वह आपसे साझा करता हूं। जब किसी की मृत्यु शाम को होती है, और जैसा कि हमारे यहां परंपरा है कि सूर्यास्त के बाद अंतिम संस्कार नहीं किया करते, इस कारण उसे रात भर रखना होता है। उसके पास एक दीपक जलाया जाता है। बताया जाता है कि ऐसा इस कारण किया जाता है ताकि वातावरण में विचरण कर रही कोई बुरी आत्मा उसमें प्रवेश न कर जाए। खैर, जानकारी ये है कि जो दीपक पूरी रात जलता है, उसके नीचे तेल से एक आकृति बन जाती है, जो कि किसी मनुष्य, जीव-जन्तु आदि की हो सकती है। जो भी आकृति बनती है, माना जाता है कि मृतात्मा उसी योनि की ओर प्रस्थान करेगी। यह पद्दति कितनी सही है, पता नहीं, मगर चलन में है जरूर। हमारे परिवार में किन्हीं पूर्वज के बारे में बताया जाता है कि दीपक के नीचे भ्रमर का चिन्ह बन गया था, इस कारण जब भी कोई भ्रमर घर में आ जाता है तो यही मानते हैं कि अमुक पूर्वज पधारे हैं और उन्हें पानी की छींटा दे कर शांत किया जाता है। ऐसा करने पर वे चले जाते हैं।

https://www.youtube.com/watch?v=AawUENKd--s&t=3s


गुरुवार, फ़रवरी 06, 2025

शादी न हो रही हो तो करें ये टोटका

यदि किसी युवक की शादी न हो रही हो, शादी में विलंब हो रहा हो तो एक उपाय किया जाता है। वो ये कि जब किसी की शादी हो रही हो और वह जब वधु पक्ष के दरवाजे पर तोरण मारने के बाद घोड़ी से उतर रहा हो तो अविवाहित युवक अगर तुरंत घोड़ी पर बैठ जाए तो उसकी भी शादी का मार्ग प्रशस्त हो जाता है। है न विचित्र परंपरा।

ऐसा प्रतीत होता है कि प्रकृति मरक्त स्थान की पूर्ति होने की व्यवस्था है। जैसे ही कोई स्थान रिक्त होता है, प्रकृति उसे भरने की कोशिश करती है। दूल्हे का घोड़ी पर बैठे होना एक स्थिति है। इसे हम दृश्य भी कह सकते हैं। जैसे ही दूल्हा घोड़ी से उतरता है, तो वह स्थान रिक्त हो जाता है। उसे अगर अविवाहित युवक तुरंत भरता है तो प्रकृति तत्काल बनी दूसरी स्थिति को पूर्ण करने में जुट जाती है। अर्थात प्रकृति ऐसे संयोग निर्मित करती है कि उस युवक की जल्द शादी हो जाए।

https://www.youtube.com/watch?v=y-Q-wayfeaE


बुधवार, फ़रवरी 05, 2025

तकिया उठा सकता है आपको नींद से?

एक अरसे से नौवीं व ग्यारहवीं क्लास की परीक्षा की तुलना में दसवीं व बारहवीं क्लास की बोर्ड परीक्षा को कठिन माना जाता है। इस कारण दसवीं व बारहवीं की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थी पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान देते हैं। विशेष रूप से सुबह जल्दी उठ कर पढ़ते हैं, चूंकि शांत वातावरण में स्मृति में पढ़ा हुआ जल्द संग्रहित होता है। सुबह जल्द उठने के लिए घड़ी में अलार्म सैट करते हैं। मैं जब दसवीं में था तो किसी ने एक प्रयोग बताया था। वो ये कि आप अपने तकिये पर हाथ रख कर उसे संदेश दीजिए कि हे तकिया देवता, मुझे सुबह चार बजे उठा देना। मैंने इस प्रयोग को कर के देखा। आप यकीन करें या न करें, मगर मेरा अनुभव ये है कि वाकई मेरी नींद अपेक्षित समय पर अपने आप खुल जाती थी।

कुछ बड़ा होने पर मैंने इसका राज जानने की कोशिश की। जिज्ञासा थी कि क्या वाकई एक निर्जीव तकिया हमारे आदेश को मानता है? स्वाभाविक सी बात है कि ऐसा हो नहीं सकता। होता भी हो तो पता नहीं, मगर मैं जिस निष्कर्ष पहुंचा, वह आपसे साझा करता हूं। असल में तकिया एक निमित्त मात्र है। जैसे ही हम तकिये को आदेश देते हैं तो वह आदेश हमारे अंतर्मन में चला जाता है। वस्तुतः वही अंतर्मन काम करता है। जैसे एक भौतिक घड़ी है, वैसे ही हमारे भीतर एक बायलॉजिकल घड़ी है। अंतर्मन उस बायलॉजिकल घड़ी का इस्तेमाल करते हुए हमें निर्धारित समय पर जगा देता है। और हमें ये लगता है कि ऐसा तकिये ने किया है। हालांकि हम चाहें तो अपने अंतर्मन को सीधे भी आदेश दे सकते हैं, मगर वह आसान नहीं, इस कारण निमित्त के रूप में तकिये का इस्तेमाल करना पड़ता है। यह ठीक वैसे ही है, जैसे भगवान सर्वत्र है और उसको कहीं भी याद किया जा सकता है, लेकिन हम उसके लिए मंदिर जा कर मूर्ति का इस्तेमाल करते हैं। मूर्ति निमित्त मात्र है, मगर वहां का वातावरण हमें भगवान पर ध्यान केन्द्रित करने में सहायक होता है। बिना मूर्ति के भी ध्यान हो सकता है, मगर वह आसान नहीं। मन बहुत चंचल है, उसे भीतर से स्थिर करना कठिन है। इसीलिए हम बाहर की मूर्ति का इस्तेमाल करते हैं, जिस पर ध्यान केन्द्रित करना अपेक्षाकृत आसान है।

ये तो हुई तकिये की बात। मगर आपको ये तो ख्याल में होगा ही कि बिना तकिये के प्रयोग के भी सुबह एक निश्चित समय के आसपास हमारी नींद अपने आप खुल जाती है। यह काम हमारी बायलॉजिकल घड़ी करती है।

बायलॉजिकल घड़ी की बात चली है तो मेरी यह समझ भी आपसे शेयर कर लेता हूं। बाहरी घड़ी को देख कर तो हम दिन भर के काम करते ही हैं, मगर साथ ही बायलॉजिकल घड़ी भी काम करती रहती है। जैसे कि हमने यदि ये नियम बनाया कि सुबह दस बजे खाना खाना है। बायलॉजिकल घड़ी उसी हिसाब से सैट हो जाती है। कुछ दिनों बाद दस बजते ही हमें भूख लगती है। बायलॉजिकल घड़ी दस बजते ही आमाशय में मौजूद पाचक तत्त्वों को सक्रिय होने का आदेश देती है। इसीलिए कहा जाता है कि निश्चित समय पर खाना खाने पर आसानी से पचता है, क्योंकि उस समय पर भोजन को पचाने वाले रस सक्रिय होते हैं। अर्थात हम जो नियम अपने लिए बनाते हैं, वह हम पर लागू हो जाता है। एक अर्थ में वह हमें गवर्न करता है। बाध्य करता है। इसीलिए नियमितता की महिमा है। कहा जाता है न कि भगवान का ध्यान, आरती आदि निश्चित समय पर ही करनी चाहिए। उसकी वजह ये है कि निश्चित समय पर बायलॉजिकल घड़ी के आदेश से मन तुरंत एकाग्र होने के लिए तैयार हो जाता है। किसी भी वक्त ध्यान, आरती करने की तुलना में निश्चित समय पर करने से चित्त उस पर तुरंत स्थिर हो जाता है। स्वाभाविक रूप से अधिक फलदायक होता है।

नियमितता का जिक्र आया है तो एक दृष्टांत के साथ अपनी बात को पूरा करता हूं। वह कितना सच्चा है, कितना नहीं, मुझे नहीं पता, मगर यह नियमितता का अल्टीमेट उदाहरण है। एक धार्मिक व्यक्ति प्रतिदिन निश्चित समय पर जंगल में स्थित एक मंदिर में मूर्ति के आगे दीया जलाता था। उसका एक पड़ौसी, जो कि घोर नास्तिक था, वह भी नियम से रोज उस दीये को बुझा कर आ जाता था। एक दिन भयानक तूफान आया। धार्मिक व्यक्ति की हिम्मत जवाब दे गई और वह आलस्य करके घर ही बैठा रहा। नास्तिक आदमी तूफान से घबराया नहीं और पहुंच गया दीया बुझाने। मूर्ति में विराजित देवता ने उसे वरदान दिया। धार्मिक आदमी को यह पता लगा कि देवता ने नास्तिक को वरदान दिया है तो वह पहुंच गया मंदिर और मूर्ति से शिकायत की कि मैं तो रोज आपके सामने श्रद्धा से दीया जलाता हूं, जबकि नास्तिक आदमी आपका अनादर करते हुए दीया बुझा देता है, फिर भी आपने उसे वरदान क्यों दिया? इस पर मूर्ति के देवता ने जवाब दिया कि वह नास्तिक आदमी तुमसे ज्यादा नियमित है। अपने नियम की पालना करके लिए उसने तूफान की भी परवाह नहीं की। इसीलिए उससे प्रसन्न हो कर मैने उसे वरदान दिया है। 

है न दिलचस्प किस्सा। यह एक उदाहरण मात्र है, मगर इसका संदेश यही है कि हम जीवन में नियमितता लाएं। जैसे सृष्टि का नियंता सूर्य निश्चित समय पर उदय होता है और निश्चित समय पर अस्त होता है, ठीक उसी प्रकार हमें भी नियमपूर्वक रहना चाहिए।

https://www.youtube.com/watch?v=BXYLR8q7i9o&t=22s

मंगलवार, फ़रवरी 04, 2025

क्या कलंदर व झूलेलाल एक ही हैं?

 जिस गीत दमा दम मस्त कलंदर को गा और सुन कर सिंधी ही नहीं, अन्य समुदाय के लोग भी झूम उठते है, उस पर यह सवाल बना हुआ है कि क्या कलंदर व सिंधियों के आराध्य देवता झूलेलाल एक ही हैं? पाकिस्तान की मशहूर गायिका रेश्मा व बांग्लादेश की रूना लैला की जुबान से थिरक कर लोकप्रिय हुआ यह गीत किसकी महिमा या स्मृति में बना हुआ है, इसको लेकर विवाद है।

यह सर्वविदित है कि आम तौर सिंधी समुदाय के लोग अपने विभिन्न धार्मिक व सामाजिक समारोहों में इसे अपने इष्ट देश झूलेलाल की प्रार्थना के रूप में गाते हैं, लेकिन भारतीय सिंधू सभा ने खोज-खबर कर दावा किया है कि यह गीत असल में हजरत कलंदर लाल शाहबाज की तारीफ में बना हुआ है, जिसका झूलेलाल से कोई ताल्लुक नहीं है। सभा ने एक पर्चा छाप कर इसका खुलासा किया है।

पर्चे के अनुसार आम धारणा है कि यह अमरलाल, उडेरालाल या झूलेलाल अवतार की प्रशंसा या प्रार्थना के लिए यह गीत बना है। उल्लेखनीय बात है कि पूरे गीत में झूलेलाल से संदर्भित प्रसंगों का कोई जिक्र नहीं है, जैसा कि आम तौर पर किसी भी देवी-देवता की स्तुतियों, चालीसाओं व प्रार्थनाओं में हुआ करता है। सिर्फ झूलेलालण शब्द ही भ्रम पैदा करता है कि यह झूलेलाल पर बना हुआ है। असल में यह तराना पाकिस्तान स्थित सेहवण कस्बे के हजरत कलंदर लाल शाहबाज की करामात बताने के लिए बना है।

पर्चे में बताया गया है कि काफी कोशिशों के बाद भी कलंदर शाहबाज की जीवनी के बारे में कोई लिखित साहित्य नहीं मिलता। पाकिस्तान में छपी कुछ किताबों में कुछ जानकारियां मिली हैं। उनके अनुसार कलंदर लाल शाहबाज का असली नाम सैयद उस्मान मरुदी था। उनका निवास स्थान अफगानिस्तान के मरुद में था। उनका जन्म 573 हिजरी यानि 1175 ईस्वी में हुआ। उनका बचपन मरुद में ही बीता। युवा अवस्था में वे हिंदुस्तान चले आए। सबसे पहले उन्होंने मंसूर की खिदमत की। उसके बाद बहाउवलदीन जकरिया मुल्तानी के पास गए। इसके बाद हिजरी 644 यानि 1246 ईस्वी में सेवहण पहुंचे। हिजरी 650 यानि 1252 ईस्वी में उनका इंतकाल हो गया। इस हिसाब से वे कुल छह साल तक सिंध में रहे।

कुछ किताबों के अनुसार आतताइयों के हमलों से तंग आ कर मुजाहिदीन की एक जमात तैयार हुई, जो तबलीगी इस्लाम का फर्ज अदा करती थी। उसमें कलंदरों का जिक्र आता था। आतताइयों में से विशेष रूप से चंगेज खान, हलाकु, तले और अन्य इस्लामी सुल्तानों पर चढ़ाई कर तबाही मचाई थी। इसमें मरिवि शहर का जिक्र भी है, जो शाहबाज कलंदर का शहर है। कलंदर शाह हमलों के कारण वहां से निकल कर हिंदुस्तान आए। वे मुल्तान से होते हुए 662 हिजरी में सेवहण आए और 673 में उनका वफात हुआ। यानि वे सेवहण में 11 साल से ज्यादा नहीं रहे। इस प्रकार उनके सेहवण में रहने की अवधि और वफात को लेकर मत भिन्नता है। पर्चे के अनुसार सेवहण शहर पुराना है। कई संस्कृतियों का संगम रहा। वहीं से सेवहाणी कल्चर निकल कर आया, जिसकी पहचान बेफिक्रों का कल्चर के रूप में थी। यह शहर धर्म परिवर्तन का भी खास मरकज रहा। इसी सिलसिले में बताया जाता है कि वहां एक सबसे बड़े शेख हुए उस्मान मरुंदी थे, जिन्हें लाल शाहबाज कलंदर के नाम से भी याद किया जाता है।

पर्चे में बताया गया है कि शाह कलंदर का आस्ताना सेवहण में जिस जगह है, वहां पहले शिव मंदिर था। वहां पर हर वक्त अलाव जलता रहता था, जिसे मुसलमान अली साईं का मच कहते थे। यह शहर जब सेवहण में शाह कलंदर का वफात हुआ तो हिंदुओं ने उनको अपने मुख्य मंदिर में दफन करने की इजाजत दी। बाद में वहां के पुजारी भी उनके मलंग हो गए। इस पर्चे के जरिए यह साबित करने की कोशिश की गई है कि कलंदर शाहबाज इस्लाम के प्रचारक थे। इसी को आधार बना कर सिंधी समुदाय को आगाह किया गया है कि भला इस्लाम के प्रचारक और धर्म परिवर्तन की खिलाफत करने वाले झूलेलाल एक कैसे हो सकते हैं। एक और शंका ये है कि यदि दोनों एक हैं तो इस गीत को केवल सिंधी ही क्यों गाते हैं, मुस्लिम क्यों नहीं? क्या इसकी वजह केवल इतनी है कि यह सिंधी भाषा में है?

अलबत्ता परचे में इसे जरूर स्वीकार किया गया है कि दमा दम मस्त कलंदर अकीदत से गाने से मुरादें पूरी होती हैं। आम धारणा है कि सात वर्ष की उम्र में उन्होंने कुरआन को जुबानी याद कर लिया था। यह भी पक्का है कि उनको अरबी व फारसी के साथ उर्दू जीनत जुबान भी बोलते थे। पूरी उम्र उन्होंने शादी नहीं की। उनके मन को जर और जमीन भी मैला नहीं कर पाए। अन्य दरवेश तो बादशाहों के नजराने कबूल कर लेते थे, मगर शाह कलंदर उस ओर आंख उठा कर भी नहीं देखते थे।

पर्चे में यह स्पष्ट नहीं है कि दमा दम मस्त कलंदर गीत में झूलेलालण शब्द कैसे शामिल हो गया, जिसकी वजह से सिंधी समुदाय के लोग इसे श्रद्धा के साथ गाते हैं। बहरहाल यह इतिहासविदों की खोज का विषय है कि शाहबाज कलंदर को झूलेलाल क्यों कहा गया है।

इस सिलसिले में अजमेर में भी असमंजस हो चुका है। बात थोड़ी पुरानी है, मगर चूंकि इसी विवाद से जुड़ी हुई है, इस वजह से यहां जिक्र कर रहा हूं। मौलाई कमेटी के कन्वीनर सैयद अब्दुल गनी गुर्देजी की ओर से पिछले कई साल से चेटीचंड के मौके पर सिंधी समुदाय का हार्दिक अभिनंदन करने के लिए एक पर्चा जारी करते रहे हैं। इसमें उल्लेख था कि सिंधी समाज के आराध्यदेव झूलेलाल जी को ही मुसलमान सखी शाहबाज कलंदर या लाल शाहबाज कलंदर कहते हैं। इस पर 23 नवंबर 2004 को दैनिक भास्कर में मेरी बाईलाइन खबर के अनुसार जब उनसे पूछा गया कि वे किस आधार पर दोनों को एक बताते हैं तो उनका कहना था कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि दोनों में कोई फर्क है या गाने को लेकर कोई विवाद है। न ही किसी सिंधी भाई ने कभी ऐतराज किया। वे तो महज भाईचारे के लिए पर्चा छपवाते हैं।

https://www.youtube.com/watch?v=COszpBXQYzA


सोमवार, फ़रवरी 03, 2025

इस्लाम में भी है भूतों से बचाव का उपाय

जिस तरह हिंदू मतावलंबियों में भूत-पिशाच इत्यादि से बचाव के लिए हनुमान चालीसा व रामचरित मानस के सुंदर कांड का पाठ करने की परंपरा है, उसी प्रकार इस्लाम को मानने वाले भी भूत-प्रेत को दूर भगाने का उपाय करते हैं। कदाचित सभी मुस्लिमों को उस उपाय के बारे में जानकारी होगी क्योंकि मदरसे की शुरुआती तालीम में ही इसका रियाज करवाया जाता है, मगर शायद हिंदुओं को इसकी जानकारी न हो।

सर्वविदित है कि जब भी कोई शुभ काम करते हैं तो उसमें बाधा न आने के लिए कई लोग सुंदरकांड का पाठ करवाते हैं। इसी प्रकार जब भी किसी स्थान पर भय प्रतीत हो तो हनुमान चालीसा का पाठ करने की सलाह दी जाती है, ताकि वहां मौजूद दुष्टात्माएं भाग जाएं। हनुमान चालीसा में ही लिखा है कि भूत-पिशाच निकट नहीं आवे, महावीर जब नाम सुनावे। स्वाभाविक रूप से यह आम जिज्ञासा होती होगी कि मुस्लिम ऐसी स्थिति में क्या करते हैं?

इस्लाम के जानकारों का कहना है कि मखलूकात आपको कोई नुकसान न पहुंचा पाएं, इसके लिए कुरान की एक आयत का तीन बार पाठ करना चाहिए। उस आयत का नाम है आयतुल कुर्सी। उसमें दस जुमले हैं। इस्लाम के जानकार बताते हैं कि आयतुल कुर्सी कुरान की सब से अज़ीम तरीन आयत है। 

हदीस में इस आयत को तमाम आयातों से अफजल फऱमाया है। सूरह बकरा की यह आयत कुरान की तमाम आयातों की सरदार है, जिस घर में पढ़ी जाती है, शैतान वहां से निकल जाता है।

स्वाभाविक रूप से वह आयत मूलतः अरबी लिपी में है। 

आयत इस प्रकार है-

1. अल्लाहु ला इलाहा इल्लाहू

2. अल हय्युल क़य्यूम

3. ला तअ खुज़ुहू सिनतुव वला नौम

4. लहू मा फिस सामावाति वमा फ़िल अर्ज़

5. मन ज़ल लज़ी यश फ़ऊ इन्दहू इल्ला बि इजनिह

6. यअलमु मा बैना अयदी हिम वमा खल्फहुम

7. वला युहीतूना बिशय इम मिन इल्मिही इल्ला बिमा शा..अ

8. वसिअ कुरसिय्यु हुस समावति वल अर्ज़

9. वला यऊ दुहू हिफ्ज़ुहुमा

10. वहुवल अलिय्युल अज़ीम


उसका तर्जुमा इस प्रकार है:-

1. अल्लाह जिसके सिवा कोई माबूद नहीं।

2. वही हमेशा जिंदा और बाकी रहने वाला है।

3. न उसको ऊंघ आती है न नींद।

4. जो कुछ आसमानों में है और जो कुछ ज़मीन में है सब उसी का है।

5. कौन है जो बगैर उसकी इजाज़त के उसकी सिफारिश कर सके।

6. वो उसे भी जनता है जो मखलूकात के सामने है और उसे भी जो उन से ओझल है।

7. बन्दे उसके इल्म का जऱा भी इहाता नहीं कर सकते सिवाए उन बातों के इल्म के जो खुद अल्लाह देना चाहे।

8. उसकी ( हुकूमत ) की कुर्सी ज़मीन और असमान को घेरे हुए है।

9. ज़मीनों आसमान की हिफाज़त उसपर दुशवार नहीं।

10. वह बहुत बलंद और अज़ीम ज़ात है।

असल में इस आयत की जानकारी मुझे यूट्यूब पर हॉरर शो चलाने वाले चंद व्लागर के एपीसोड से मिली। इनमें ऊपरी हवाओं से ग्रसित हवेलियों या स्थानों की छानबीन के दौरान वे इस आयत का निरंतर पाठ करते हैं। उनका दावा है कि इससे वे मखलूकात से बचे रहते हैं। इस बारे में विस्तार से जानकारी मुझे मेरी एक परिचित विदूषी डॉ. फरगाना से हासिल हुई। वे अध्यात्म की एक अलग ही दुनिया में विचरण करती हैं। जानकारी काफी दिलचस्प लगी, लिहाजा आप सुधि पाठकों के साथ साझा कर रहा हूं। 

एक बेहद रोचक जानकारी ये भी हुई कि जब व्लागर किसी अभिशप्त स्थान पर विजिट करते हैं तो बाकायदा उन मखलूकात से अल्लाह का हवाला देते हुए आग्रह करते हैं कि उन्हें बिना कोई नुकसान पहुंचाते हुए दौरा करने दें। बड़े अदब के साथ ये भी विनती करती हैं कि चूंकि आप अदृश्य हैं, लिहाजा अपने बच्चों को रास्ते से हटा लें, ताकि उनको चोट न लगे। 

इस सिलसिले में आपको जानकारी होगी कि जब भी हम घर से बाहर किसी खुले स्थान पर लघुशंका करते हैं तो कुछ आवाज करते हैं अथवा खंखारते हैं या हनुमान जी का स्मरण करते हैं, ताकि अगर वहां कोई भूत इत्यादि हो तो वह वहां से हट जाए। विशेष रूप से इस बात का ख्याल रखते हैं कि किसी पेड़ या झाड़ी के नीचे लघुशंका नहीं करते, क्योंकि वहां भूत-प्रेत आदि के वास की संभावना होती है।

https://www.youtube.com/watch?v=NR0qCOZMHDs&t=35s

रविवार, फ़रवरी 02, 2025

किसी के लिए दुआ मांगने से खुद के संचित पुण्य का क्षय होता है?

हिंदू, इस्लाम, बौद्ध धर्म और कई अन्य परंपराओं में दुआ या प्रार्थना को सकारात्मक और पुण्यकारी कर्म माना गया है। किसी और के लिए दुआ करना या उनकी भलाई की कामना करना आमतौर पर निस्वार्थता और परोपकार का प्रतीक होता है। कर्म सिद्धांत के अनुसार, किसी के लिए शुभकामना या प्रार्थना करना एक सकारात्मक कर्म है, जो अच्छे फल देता है। यह एक अच्छे कर्म के रूप में जुड़ता है। सर्वे भवन्तु सुखिनः जैसी प्रार्थनाएं दूसरों की भलाई के लिए की जाती हैं और इसे उच्च पुण्य कर्म माना गया है। इसी प्रकार इस्लाम में किसी के लिए दुआ करना  यानि दूसरे के लिए अल्लाह से प्रार्थना करना इबादत का हिस्सा है और इसे एक नेक काम माना जाता है। तभी तो कहते हैं कि दुआ में याद रखना।

मनोवैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो दूसरों के लिए प्रार्थना करने से आपके भीतर सकारात्मकता और करुणा का विकास होता है। यह आपको मानसिक शांति और संतोष प्रदान करता है। जब आप दूसरों के लिए प्रार्थना करते हैं, तो यह ब्रह्मांडीय ऊर्जा के प्रवाह को बढ़ाता है, जो अंततः आपको भी लाभ पहुंचाती है। इन सब से भिन्न एक नजरिया मेरी जानकारी में आया तो मैं चकित रह गया। अध्यात्म के बारे में गहन जानकारी रखने वाली एक विदुशी ने बताया जब तक बहुत जरूरी न हो, किसी के लिए दुआ नहीं मांगे। उनकी मान्यता है कि जब हम किसी के लिए दुआ मांगते हैं, तो हमारे संचित पुण्य का क्षय होता है। उनका तर्क था कि जैसे हम अपने किसी प्रिय के लिए दुआ करते हैं कि मेरी उम्र भी उसे लग जाए, तो यह ऐसी ही कीमिया है कि हमारी उम्र दूसरे में षिफ्ट हो जाए। यह ठीक ऐसे ही है, जैसे हम किसी को दस रूपये दान में दें, तो हमारे कोश में दस रूपये की कमी होगी ही। मैं उनके नजरिये से सहमत नहीं हो पाया। लेकिन अब भी यह विचार आता है कि क्या आत्म कल्याण के इच्छुक व्यक्ति के वाकई किसी के लिए दुआ मांगने से उसके पुण्य में क्षय हो सकता है।

https://youtu.be/KJ5N8KUBi3E


शनिवार, फ़रवरी 01, 2025

अच्छे लोगों को भगवान अपने पास जल्दी बुला लेता है?

आम तौर पर यदि किसी सज्जन व्यक्ति का कम उम्र में ही देहावसान हो जाता है तो यही कहा जाता है कि भगवान अच्छे लोगों को अपने पास जल्द बुला लेता है। अनेक उदाहरण ऐसे हैं भी, मगर इस धारणा का आधार क्या है, इसको लेकर सवाल उठते हैं। ऐसी क्या वजह है कि भगवान अच्छे लोगों की उम्र कम ही रखता है? उसका भला क्या प्रयोजन हो सकता है? यदि इस धारणा को सही मानें तो सवाल ये भी उठता है कि जिनकी उम्र अधिक होती है तो क्या वे बुरे होते हैं? इसके विपरीत हमारे यहां तो अधिक उम्र वालों को सौभाग्यशाली माना जाता है। यदि कोई अपने जीवन में पड़पोता या पड़पोती देखे तो उसे बहुत ही भाग्यवान मानते हैं। अधिक उम्र अच्छी होती है, इसी कारण तो हम लोग चिरायु होने की कामना करते हैं, लंबी उम्र की दुआ करते हैं। हमें पता है कि मनुष्य की अधिकतम उम्र एक सौ साल की होती है, फिर भी हम किसी के जन्मदिन पर तुम जीयो हजारों साल की शुभेच्छा जाहिर करते हैं। कदाचित मृत्यु के बाद भी कीर्ति पताका वर्षों तक फहराने के भाव से ऐसा किया जाता होगा।

शास्त्रों व पुराणों में कई ऋषियों के हजारों साल तक जीने के प्रसंग आते हैं। शास्त्रानुसार यह भी स्थापित तथ्य है कि हनुमानजी चिरंजीवी हैं। बताते हैं कि सीता माता ने हनुमानजी को लंका की अशोक वाटिका में राम का संदेश सुनने के बाद आशीर्वाद दिया था कि वे अजर-अमर रहेंगे। यानि कि वे चिरयुवा भी हैं। मान्यता है कि जहां भी भक्ति-भाव से भगवान राम की पूजा-अर्चना होती है, हनुमानजी वहां विद्यमान होते हैं। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने अश्वत्थामा को चिरकाल तक पृथ्वी पर भटकते रहने का श्राप दिया था। वे आज भी पृथ्वी पर अपनी मुक्ति के लिए भटक रहे हैं। इसी प्रकार ऋषि मार्कण्डेय, भगवान वेद व्यास, भगवान परशुराम, राजा बलि, विभीषण और कृपाचार्य भी चिरंजीवी माने जाते हैं।

बहरहाल, अब मौलिक सवाल पर आते हैं। एक ओर हम ये मानते हैं कि भगवान अच्छे लोगों को अपने पास जल्दी बुला लेते हैं तो दूसरी ओर चिरायु होने को अच्छा माना जाता है। है न अजीबोगरीब विरोधाभास। 

ऐसा प्रतीत होता है कि केवल मन की संतुष्टि के लिए ऐसा कहा जाता है कि अच्छे लोगों के परिजन को सांत्वना देने के लिए यह कहा जाता है कि भगवान अच्छे लोगों को जल्द बुला लेता है। सच तो ये है कि मृत्यु का अच्छे या बुरे होने से कोई ताल्लुक नहीं है।

https://www.youtube.com/watch?v=PYIdyeNMAN8