तीसरी आंख

जिसे वह सब दिखाई देता है, जो सामान्य आंखों से नहीं दिखाई देता है

रविवार, मार्च 22, 2026

क्या पुनः जन्म लेती है आत्मा?

आत्मा के बारे में विभिन्न धार्मिक और दार्शनिक दृष्टिकोण हैं, और ये इस बात पर निर्भर करते हैं कि आप किस परंपरा या विश्वास प्रणाली से आते हैं। हिंदू धर्म के अनुसार, आत्मा अमर होती है और शरीर के नष्ट हो जाने पर पुनर्जन्म लेती है। आत्मा किसी कब्र या शरीर में स्थायी रूप से नहीं रहती, बल्कि कर्मों के आधार पर उसे नया शरीर प्राप्त होता है। हालांकि वैज्ञानिक रूप से साफ तौर पर यह प्रमाणित करना कठिन है, मगर पुनर्जन्म की ऐसी अनेक घटनाएं हुई हैं, जिन पर विज्ञान मौन हो जाता है। हिंदू धर्म में तो पुनर्जन्म का पूरा विधान है कि आत्मा अगला जन्म कहां लेगी? यहां तक कि सात जन्मों की अवधारणा है। प्रेम के वशीभूत पति-पत्नी सात जन्मों का साथ निभाने की कामना करते हैं। कर्मों के अनुसार अनेक योनियों में जन्म लेने की मान्यता है। रामायण, महाभारत व पुराणों में पुनर्जन्म की अनेकानेक कथाएं प्रचलित हैं। हालांकि वैज्ञानिक नजरिया रखने वाले पुनर्जन्म की घटना को मानसिक विकृति के रूप में परिभाषित करते हैं। इस पर परामनोवैज्ञानिकों ने बहुत काम किया है। 

दूसरी ओर इस्लाम में यह विश्वास है कि मृत्यु के बाद आत्मा को अल्लाह के पास ले जाया जाता है, और कब्र में एक अंतरिम जीवन शुरू होता है, जहां आत्मा अपने कर्मों के अनुसार या तो शांति पाती है या कष्ट उठाती है। परंतु आत्मा कब्र में स्थायी रूप से नहीं रहती, यह एक अस्थायी अवस्था है, जब तक कि कयामत का दिन नहीं आ जाता। ऐसे में इस्लामिक मान्यता के अनुसार, पुनर्जन्म की अवधारणा को स्वीकार नहीं किया जाता है। इस्लाम में यह विश्वास है कि हर इंसान की एक ही जिन्दगी होती है, और मृत्यु के बाद उसे कब्र में दफनाया जाता है। फिर कयामत या आखिरत के दिन, अल्लाह इंसानों को दोबारा जिंदा करेगा और उनके कर्मों का हिसाब-किताब होगा। अच्छे कर्म करने वालों को जन्नत में और बुरे कर्म करने वालों को जहन्नुम में भेजा जाएगा। हालांकि, अपवादस्वरूप कुछ व्यक्तिगत अनुभव या घटनाएं सामने आई हैं, जिन्हें लोग पुनर्जन्म से जोड़ते हैं, लेकिन वे इस्लामी मान्यताओं के अनुसार नहीं होते। कई बार ऐसे अनुभवों को व्यक्ति की मानसिक स्थिति, या दूसरी संस्कृतियों की मान्यताओं से प्रभावित माना जा सकता है। अगर मुस्लिम समाज में पुनर्जन्म से संबंधित कहीं घटनाएं सामने आती हैं, तो वे व्यक्तिगत धारणाओं या अन्य बाहरी प्रभावों के कारण हो सकती हैं, लेकिन वे इस्लामी शिक्षाओं के अनुरूप नहीं होतीं।

ईसाई धर्म में भी आत्मा को अमर माना जाता है। मृत्यु के बाद आत्मा स्वर्ग या नर्क में जाती है, और कब्र केवल शरीर के लिए है। आत्मा कब्र में नहीं रहती।

बौद्ध धर्म में आत्मा की अवधारणा थोड़ी भिन्न है, क्योंकि आत्मा को स्थायी नहीं माना जाता। जीवन-मरण का चक्र चलता रहता है और पुनर्जन्म होता है। कब्र का आत्मा से कोई विशेष संबंध नहीं होता। इसलिए, आत्मा कब्र में रहने का विचार केवल कुछ विशेष धार्मिक मान्यताओं में होता है, लेकिन अधिकांश प्रमुख धर्म इसे अस्थायी मानते हैं या आत्मा को कब्र से परे की अवस्था में मानते हैं।

मृतक का सिर उत्तर दिशा की ओर क्यों रखा जाता है?

हमारे यहां मृत्यु से जुड़ी अनेक परंपराए हैं। इन्हीं परंपराओं में से एक परंपरा है कि मरणासन्न यानि कि मृत्यु जब करीब हो, जब यह निश्चित हो जाए कि मृत्यु आने ही वाली है, किंतु प्राण निकलने में कष्ट अधिक हो रहा हो तो मृत्यु को प्राप्त करने वाले व्यक्ति का सिर उत्तर दिशा की ओर कर देना चाहिए। इसके अतिरिक्त मौत के बाद मृतक का सिर उत्तर दिशा की ओर रखने की भी रवायत है। इस परंपरा को निभाते तो अधिकतर लोग हैं, लेकिन बहुत कम लोग ये जानते हैं कि मृतक का सिर उत्तर दिशा की ओर ही क्यों रखना चाहिए? मृतक का सिर उत्तर की ओर करके इसलिए रखते हैं कि प्राणों का उत्सर्ग दशम द्वार से हो। चुम्बकीय विद्युत प्रवाह की दिशा दक्षिण से उत्तर की ओर होती है। कहते हैं मरने के बाद भी कुछ क्षणों तक प्राण मस्तिष्क में रहते हैं। अतः उत्तर दिशा में सिर करने से गुरुत्वाकर्षण के कारण प्राण शीघ्र निकल जाते हैं। 

परंपरा के अनुसार मृत्यु के बाद अंत्येष्ठि संस्कार के समय मृतक का सिर दक्षिण की तरफ रखना चाहिए। शास्त्रों के अनुसार दक्षिण की दिशा मृत्यु के देवता यमराज की मानी गई है। इस दिशा में शव का सिर रख हम उसे मृत्यु के देवता को समर्पित कर देते हैं।

इसके अतिरिक्त पार्थिव शरीर को ले जाते समय उसका सिर आगे और पैर पीछे रखे जाते हैं। फिर विश्रांत स्थल पर मृत देह को एक वेदी पर रखा जाता है, इसलिए कि अंतिम बार व्यक्ति इस संसार को देख ले। इसके बाद देह की दिशा बदल दी जाती है। फिर पैर आगे और सिर पीछे हो जाता है अर्थात तब मृत आत्मा को श्मशान को देखते हुए आगे बढना होता है। अंत में जब देह को चिता पर लेटाया जाता है तो उसका सिर चिता पर दक्षिण दिशा की ओर रखते हैं।

हिन्दू सनातन धर्म में पार्थिव शरीर को सूर्यास्त से पूर्व दाह संस्कार करने का नियम है। सनातन धर्म में साधु को समाधि दी जाती है और सामान्यजन का दाह संस्कार किया जाता है। साधु को समाधि इसलिए दी जाती है क्योंकि ध्यान और साधना से उसका शरीर एक विशेष उर्जा और ओरा लिए हुए होता है, इसलिए उसकी शारीरिक ऊर्जा को प्राकृतिक रूप से विसरित होने दिया जाता है। एक बात और, जीते जी उसकी आत्मा षरीर से पृथक हो जाती, इस कारण उसका दाह संस्कार करने की जरूरत नहीं होती। इसी प्रकार मासूस बच्चे का भी दफनाया जाता है, क्यों कि उसकी आत्मा का शरीर से पक्का संबंध नहीं होता, इस कारण दाह संस्कार की जरूरत नहीं होती। दूसरी ओर आम व्यक्ति का दाह संस्कार किया जाता है ताकि उसकी अपने शरीर के प्रति आसक्ति छूट जाए।

ऐसी मान्यता है कि अंतिम संस्कार में शामिल होना पुण्य कर्म है। जिस घर में किसी का देहांत हुआ है, उस घर से 100 गज दूर तक के घरों के लोगों को अंतिम संस्कार में शामिल होना चाहिए। 

श्मशान ले जाने से पूर्व घर पर कुटुंब के लोग मृत व्यक्ति के पार्थिव शरीर की परिक्रमा करते हैं। बाद में दाह संस्कार के समय संस्कार करने वाला व्यक्ति छेद वाले घड़े में जल लेकर चिता पर रखे पार्थिव शरीर की परिक्रमा करता है। जिसके अंत में पीछे की ओर घड़े को गिरा कर फोड़ दिया जाता है। ऐसा मृत व्यक्ति के शरीर से मोहभंग करने के लिए किया जाता है। 

हिंदू धर्मानुसार सूर्यास्त के बाद कभी भी दाह संस्कार नहीं किया जाता है। यदि किसी की मृत्यु सूर्यास्त के बाद हुई है तो उसे अगले दिन सुबह के समय ही दाह संस्कार किए जाने का नियम है। ऐसी मान्यता है कि सूर्यास्त के बाद दाह संस्कार करने से मृतक की आत्मा को परलोक में भारी कष्ट सहना पड़ता है और अगले जन्म में उसे किसी अंग में दोष भी हो सकता है।