तीसरी आंख

जिसे वह सब दिखाई देता है, जो सामान्य आंखों से नहीं दिखाई देता है

सोमवार, अगस्त 26, 2024

चक्की उलटी घुमाने पर लौट आता है खोया आदमी?


हमारे यहां दैनिक जीवन में कई प्रकार के टोटके प्रचलन में हैं। उनमें से एक दिलचस्प और उपयोगी टोटका आपकी नजर पेश है। यदि परिवार का कोई सदस्य खो जाए अथवा नाराज हो कर घर छोड़ कर चला जाए और उसका कोई पता न लग रहा हो तो उसे वापस बुलाने के लिए एक टोटका किया जाता है। किया ये जाता है कि घर में रखी आटे की चक्की, जिसे मारवाड़ी में घटूला व सिंधी में झंड कहा जाता है, उसे उलटा घुमाया जाता है। सलाह दी जाती है कि परिवार के जिस भी व्यक्ति को समय मिले, वह चक्की को कुछ समय तक उलटा घुमाता रहे। ऐसा बार-बार किया जाए। ऐसा करने पर घर से गया हुआ व्यक्ति लौट कर आ जाता है। इस टोटके का भेद समझने की कोशिश की जाए तो यही प्रतीत होता है, जैसे ही चक्की को उलटा घुमाते हैं तो वहां निर्मित विपरीत शक्ति घर से गए हुए व्यक्ति को अपनी ओर खींचती है। उसके मन में घर लौटने की भावना उत्पन्न करती है। खिंचाव अधिक होने पर वह लौट ही आता है। असल में चक्की चक्र का ही एक रूप है। चक्र को बायें से दांये घुमाया जाता है, जो कि प्रगति का द्योतक है। घड़ी की सुइयां भी दाहिनी ओर घूमती हैं। दाहिनी ओर घूमने को अंग्रेजी में क्लॉक वाइज कहा जाता है। प्रसंगवष बता दें कि मंदिर में स्थापित मूर्ति अथवा किसी पेड़ की परिक्रमा क्लॉक वाइज की जाती है। आपको जानकारी होगी कि स्वस्तिक का निशान भी क्लॉक वाइज बनाया जाता है। यहां तक कि घर की सीढिय़ां भी क्लॉक वाइज बनाई जाती हैं। ऐसा पाया गया है कि जिन घरों में सीढिय़ां एंटी क्लॉक वाइज बनी होती हैं, वहां कई तरह की परेशानियां होती हैं।