तीसरी आंख

जिसे वह सब दिखाई देता है, जो सामान्य आंखों से नहीं दिखाई देता है

गुरुवार, अप्रैल 16, 2026

ताली बजाने की कीमिया बहुत दिलचस्प है

 आपको ख्याल में होगा कि जब भी आरती, भजन अथवा कीर्तन होता है तो, उसमें सभी लोग तालियां बजाते हैं। क्या आपको ख्याल है कि ताली बजाई क्यों जाती है? उसके रहस्य को जाने बिना ही परंपरा के अनुसार ताली बजाते हैं। बडी दिलचस्प बात है कि आध्यात्मिक मान्यता के अनुसार कहा जाता है कि जिस प्रकार व्यक्ति अपने बगल में कोई वस्तु छिपा ले और यदि दोनों हाथ ऊपर करे तो वह वस्तु नीचे गिर जायेगी। ठीक उसी प्रकार जब हम दोनों हाथ ऊपर उठा कर ताली बजाते है, तो जन्मों से संचित पाप, जो हमने स्वयं अपने बगल में दबा रखे है, नीचे गिर जाते हैं अर्थात नष्ट होने लगते हैं। बताया तो यहां तक जाता है कि जब हम कीर्तन के समय हाथ ऊपर उठा कर ताली बजाने में काफी षक्ति लगती है और हमारे हाथों की रेखाएं तक बदल जाती हैं।

जब हम ताली बजाते हैं, तो हथेलियां बड़ी गति से टकराती हैं और हवा का दाब अचानक बदलने से “पॉप” जैसी ध्वनि पैदा होती है। इस टकराव में लगभग 100-300 न्यूटन तक बल लग सकता है। ध्वनि तरंगें पैदा होकर तेजी से फैलती हैं, जिससे अन्य लोगों में भी ताली बजाने की प्रेरणा होती है। ताली बजाने से डोपामीन (खुशी का हार्मोन) रिलीज होता है। इससे उत्साह, अपनापन और सामूहिक ऊर्जा बढ़ती है। इससे शरीर में रक्त संचार बढ़ता है, तनाव कम होता है। समूह में ताली बजाने से सिंक्ट्रनाइजेशन प्रभाव होता है। लोग एकसाथ जुड़ा हुआ महसूस करते हैं। ताली मूल रूप से सबसे प्राचीन वाद्य यंत्र है। “ताल” का शब्द ही “ताली” से जुड़ा है। नृत्य, भजन, कथक आदि में ताल संकेत करने का पहला साधन ताली ही है।

वस्तुतः हथेली में 30 से अधिक प्रमुख दबाव बिंदु होते हैं। एक्यूप्रेशर सिद्धांत के अनुसार मनुष्य को हाथों में पूरे शरीर के अंग व प्रत्यंग के दबाव बिंदु होते हैं, जिनको दबाने पर सम्बंधित अंग तक खून व ऑक्सीजन का प्रवाह पहुंचने लगता है और धीरे-धीरे वह रोग ठीक होने लगता है।

ताली में बाएं हाथ की हथेली पर दाएं हाथ की चारों अंगुलियों को एक साथ तेज दबाव के साथ इस प्रकार मारा जाता है कि दबाव पूरा हो और आवाज अच्छी आए। इस प्रकार की ताली से बाएं हथेली के फेफड़े, लीवर, पित्ताशय, गुर्दे, छोटी आंत व बड़ी आंत तथा दाएं हाथ की अंगुली के साइनस के दबाव बिंदु दबते हैं और इससे इन अंगों तक खून का प्रवाह तीव्र होने लगता है। इस प्रकार की ताली को तब तक बजाना चाहिए जब तक कि हथेली लाल न हो जाए। इस प्रकार की ताली कब्ज, एसिडिटी, मूत्र, संक्रमण, खून की कमी व श्वांस लेने में तकलीफ जैसे रोगों में लाभ पहुंचाती है।

दूसरे किस्म की ताली:- दोनों हाथों के अंगूठा-अंगूठे से कनिष्का-कनिष्का से तर्जनी-तर्जनी से यानी कि सभी अंगुलियां अपने समानांतर दूसरे हाथ की अंगुलियों पर पड़ती हों, हथेली-हथेली पर पड़ती हो। इस प्रकार की ताली की आवाज बहुत तेज व दूर तक जाती है। इस प्रकार की ताली कान, आंख, कंधे, मस्तिष्क, मेरूदंड के सभी बिंदुओं पर दबाव डालती है। इस ताली का सर्वाधिक लाभ फोल्डर एंड सोल्जर, डिप्रेशन, अनिद्रा, स्लिप डिस्क, स्पोगोलाइसिस, आंखों की कमजोरी में पहुंचता है। इस ताली से अन्य अंगों के दबाव बिंदु सक्रिय हो उठते हैं।यह ताली सम्पूर्ण शरीर को सक्रिय करने में मदद करती है। यदि इस ताली को तेज व लम्बा बजाया जाता है तो शरीर में पसीना आने लगता है, जिससे शरीर के विषैले तत्व पसीने से बाहर आकर त्वचा को स्वस्थ रखते हैं। अतः ताली बजाना एक उत्कृष्ट व्यायाम है। रक्त का शुद्धिकरण बढ़ जाता है और हृदय रोग, रक्त नलिकाओं में रक्त का थक्का बनना रुकता है। रक्त के श्वेत रक्तकण सक्षम तथा सशक्त बनने के कारण शरीर में चुस्ती, फुर्ती तथा ताजगी का एहसास होता है। रक्त में लाल रक्तकणों की कमी दूर होकर वृद्धि होती है और स्वास्थ्य सुधरता है। इस तरह ताली दुनिया का सर्वोत्तम एवं सरल सहज योग है और प्रतिदिन नियमित रूप से ताली बजाकर कई रोग दूर किए जा सकते हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें