तीसरी आंख

जिसे वह सब दिखाई देता है, जो सामान्य आंखों से नहीं दिखाई देता है

सोमवार, फ़रवरी 25, 2013

लो अब भाभड़ा ने भी बदला अपना सुर

vasu-bhabhadaअब जब कि प्रदेश के सारे वसुंधरा विरोधी भाजपा नेताओं को यह साफ दिख गया है कि वे ही पार्टी की वर्तमान और भविष्य हैं तो वे मौके की नजाकत देख कर अपना सुर बदलने लगे हैं। पहले वसुंधरा के धुर विरोधी वरिष्ठ नेता कैलाश मेघवार ने अपना मूड, माइंड व सुर बदल कर उन्हें भावी मुख्यमंत्री स्वीकार किया और अब पुराने दिग्गज हरिशंकर भाभड़ा ने भी अपना सुर बदल कर न केवल उन्हें जीतने का आशीर्वाद दिया, अपितु यह भी कहा कि वे पहले भी वसुंधरा राजे के साथ थे, आज भी हैं और आगे भी साथ रहेंगे। 2008 के चुनाव के बाद हमारी वसुंधरा राजे से कभी कोई शिकायत नहीं रही। हमारी शिकायत तो पार्टी हाईकमान से थी। ज्ञातव्य है कि पार्टी में अपने राजनीतिक विरोधियों को मनाने की कवायद के तहत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वसुंधरा राजे ने हाल ही जयपुर के मालवीय नगर में पूर्व उप मुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा से मिलने उनके आवास पर गईं। यहां वसुंधराराजे की भाभड़ा से पौने घंटे बातचीत हुई।
आपको याद दिला दें कि इससे पहले भास्कर के वरिष्ठ संवाददाता त्रिभुवन को एक साक्षात्कार में भाभड़ा ने कहा था कि अब भाजपा को भी कांग्रेस की तरह समझने लगे हैं। दोनों का अंतर कम हो गया। लोग भ्रमित हैं कि किसे वोट दें। पहले राजाओं का वर्चस्व था। अब पैसे और सत्ता के बल पर नए जागीरदार पैदा हो गए। उन्हीं की घणी-खम्मां हो रही है। अघोषित राजतंत्र है। अपने कुटुंब को आगे बढ़ाते हैं। टिकट भी उनको, पद भी उनको। सब पार्टियों में यही हाल है। जिस वसुंधरा के कारण आज वे खंडहर की माफिक हो गए हैं, उनके बारे में उनकी क्या धारणा रही, इसका खुलासा होता है उनके तब दिए इस बयान से हो जाता है कि जनता ने राजा-रानियों को एक मौका तो दिया, लेकिन कुछ नहीं किया तो दूसरा मौका नहीं दिया। साथ ही कहा था कि वसुंधरा बहुत काबिल हैं। उनकी हर विषय पर पकड़ है। उन्हें भाषा की कठिनाई नहीं है। वसुंधरा की प्रशासन पर पकड़ अच्छी थी, लेकिन कुछ एलीमेंट तो ऐसे होते ही हैं, जिन पर कोई कंट्रोल नहीं कर सकता! उन्होंने ये भी कहा था कि भाजपा और कांग्रेस को खतरा एक-दूसरे से नहीं, अपने आपके भीतर पैदा हो चुके विरोधियों से है। भाजपा के दोनों गुटों की अपनी महत्वाकांक्षाएं हैं। एक गुटबाजी करेगा तो दूसरा भी करेगा। एक गुटबाजी के लिए जिम्मेदार होता है, दूसरा तो प्रतिक्रिया करता है। जब उनसे पूछा गया कि इसके लिए जिम्मेदार कौन है तो यह कह कर मन की बात छिपाने की कोशिश करते हैं कि जिसने गुटबाजी शुरू की। जब पूछा गया कि किसने शुरुआत की तो यह कह कर बचने की कोशिश भी करते हैं कि यह खोज का विषय है। वसुंधरा के परिपेक्ष्य में उन्होंने कहा था कि हम मर्यादा रखते थे। शेखावत को नेता माना तो माना। उनसे हम आपत्ति रखते थे तो वे जायज चीजें तुरंत मान लेते थे। वे जिद्दी नहीं थे। इससे झगड़ा नहीं होता था।
जब ये पूछा गया था कि वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री पद का दावेदार मान कर चुनाव लडने के मुद्दे पर उनके क्या विचार हैं तो बोले थे कि जरूरी नहीं कि किसी को लोकतंत्र में चुनाव से पहले नेता घोषित किया जाए। किसी एक आदमी को नेता तब घोषित किया जाता है, जब उसका नाम घोषित होने से लाभ होता हो। यह गंभीर प्रश्न है कि नेता घोषित हो कि नहीं! यह विषय केंद्रीय चुनाव समिति तय करती है। वह फायदे और नुकसान देखे। . .भैरोसिंह शेखावत मुख्यमंत्री रहे, लेकिन उन्हें कभी मुख्यमंत्री घोषित थोड़े किया गया था। आज यह तो तय है कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा? साथ ही जोड़ा कि आप बात तो लोकतंत्र की करते हैं तो किसी को मुख्यमंत्री पहले कैसे घोषित कर सकते हैं। आप चुने हुए विधायकों के अधिकार की अवहेलना कैसे कर सकते हैं। कई बार नेता घोषित करने के दुष्परिणाम भी होते हैं। महत्वाकांक्षाएं जब सीमा पार कर जाती हैं तो वे पार्टी के लिए घातक होती हैं। जब वसुंधरा की लोकप्रियता का पार्टी को लाभ मिलने का सवाल किया गया तो बोले कि भाजपा में टीम वर्क रहा है। कभी उन्होंने किसी व्यक्ति पर अपने आपको आश्रित नहीं किया।
कुल मिला कर भाभड़ा के हृदय परिवर्तन से यह साफ हो गया है कि वे धरातल के सच और हालात को समझ चुके हैं और वसुंधरा के आगे नतमस्तक हैं।
-तेजवानी गिरधर

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें